अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
अलीगढ़। थाना गोरई व क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग (देहात) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेसवां रोड स्थित बंद पड़े भट्टे में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में बने व अधबने तमंचे, कारतूस तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अमृत जैन तथा क्षेत्राधिकारी इगलास श्री महेश कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में अभियुक्त अवैध देशी हथियारों का निर्माण कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि एक तमंचा बनाने में करीब 1000 से 1500 रुपये खर्च आते थे और उसे 6 से 7 हजार रुपये में बेचा जाता था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सोनू खान, दीपक, कान्हा, जयवीर उर्फ जगवीर व विनय उर्फ बन्टी शामिल हैं। सभी के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से 9 अवैध तमंचे, 2 अधबने तमंचे, कारतूस तथा बड़ी मात्रा में हथियार निर्माण सामग्री बरामद की है इस संबंध में थाना गोरई में मुकदमा संख्या 20/26 धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है ।
