चा
र्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटर में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, लाखों का नुकसान
सादाबाद। कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के मंस्या कला गांव में सोमवार तड़के चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे घर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा घर आग के गोले में तब्दील हो गया। इस हादसे में घर में रखा लाखों रुपये कीमत का घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े, अनाज और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं।बताया जा रहा है कि परिवार के लोग रात में स्कूटर को चार्जिंग पर लगाकर सो रहे थे। अचानक चिंगारी और धुआं उठता देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।गनीमत रही कि समय रहते सभी परिजन घर से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक स्कूटर की चार्जिंग के दौरान हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है
