नगर में चाक चौबंद सफाई व्यवस्था को लेकर वार्डों में कमेटी गठित करने का रखा प्रस्ताव

हाथरस। नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था को लेकर शहर के 10 वार्डों की सफाई नियमित स्टाफ नियमितए बैंकलॉग और संविदा कर्मचारियों तथा 25 वार्डों की सफाई आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से की जा रही है लेकिन निरीक्षण में कई कमियों का खुलासा हुआ है। पालिका अध्यक्ष स्वेता चौधरी ने जिलाधिकारी अतुल वत्स को एक पत्र दिया है, जिसमे कहा गया है कि शिकायतों के अनुसार कई नियमित सफाई कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में स्वयं सफाई नहीं कर रहे और इसे अन्य व्यक्तियों के माध्यम से करवाने का प्रयास कर रहे हैं।इन व्यक्तियों द्वारा भी सफाई कार्य आधा. अधूरा या लापरवाही से किया जा रहा है जिससे नगर के कई हिस्सों में गंदगी दिखाई दे रही है। पिछले डेढ़ वर्षों से पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी द्वारा अधिकारियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं कि सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया जाए और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इसके बावजूद अधिशासी अधिकारी द्वारा आवश्यक निरीक्षण नहीं किया गया है जिससे सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों में उदासीनता और अनियमितता बढ़ गई है। सभी शिकायतों और वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने प्रस्ताव रखा है कि जनपद या तहसील स्तर के अधिकारियों की विशेष कमेटी गठित की जाए।यह कमेटी रोस्टर के अनुसार सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेगी और नगर की वस्तुस्थिति की रिपोर्ट तैयार कर अधोहस्ताक्षरी को प्रस्तुत करेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि कमेटी गठन और नियमित औचक निरीक्षण से नगर में सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और हाथरस को स्वच्छता के मानकों के अनुरूप बनाया जा सकेगा। सफाई व्यवस्था को लेकर नगरवासियों का कहना है कि यदि अधिकारियों द्वारा गंभीरता से ठोस कदम उठाए गएए तो शहर के प्रमुख इलाके जल्द ही स्वच्छ और सुरक्षित बन सकते हैं।

