पेट दर्द की शिकायत पर कराया था भर्ती, परिजनों का आरोप—मौत के बाद अलीगढ़ रेफर करने को कहा

हाथरस: जनपद के सिकंदराराऊ नगर के ईदगाह रोड स्थित रचित हॉस्पिटल में सोमवार को उपचार के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस व प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह अनीता देवी के पेट में अचानक तेज दर्द उठा था। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए रचित हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मृतका के पति का आरोप है कि अस्पताल में करीब डेढ़ घंटे तक उपचार चलता रहा और इसी दौरान उन्हें बाहर से दवा लाने के लिए भेज दिया गया।
पति का कहना है कि जब वह दवा लेकर वापस लौटे तो अस्पताल कर्मियों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें तुरंत अलीगढ़ ले जाने की सलाह दी।
परिजनों ने अलीगढ़ ले जाने के बजाय महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदराराऊ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत रचित हॉस्पिटल में ही हो चुकी थी, लेकिन जिम्मेदारी से बचने के लिए अस्पताल प्रशासन ने उन्हें अलीगढ़ रेफर करने की बात कहकर गुमराह किया।
बताया जा रहा है कि महिला का हीमोग्लोबिन मात्र 5.9 था। चिकित्सकीय मानकों के अनुसार इतनी गंभीर स्थिति में मरीज को तुरंत उच्च केंद्र रेफर किया जाना चाहिए था। इस पूरे मामले में अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम संजय कुमार ने संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
