
हाथरस:- सीएमओ कार्यालय में रिश्वतखोरी का पर्दाफाश, महिला बाबू 5 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार। सीएचसी पर इंटर्नशिप के लिए होने वाले अलॉटमेंट के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। सीएमओ कार्यालय में तैनात महिला बाबू बबीता चौहान को एंटी करप्शन टीम ने सोमवार दोपहर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सीएचसी पर इंटर्नशिप अलॉटमेंट के लिए प्रशिक्षु प्रशांत परमार से महिला बाबू द्वारा पांच हजार रुपये की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता प्रशांत पिछले करीब 15 दिनों से इस मांग को लेकर परेशान था। रिश्वत न देने पर काम लटकाए जाने से आहत होकर उसने एंटी करप्शन टीम से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत की।
शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और सोमवार दोपहर सीएमओ कार्यालय में कार्रवाई करते हुए महिला बाबू को रिश्वत की रकम लेते ही दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
कार्रवाई के बाद टीम आरोपी महिला बाबू को पहले महिला थाना लेकर पहुंची, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद उसे कोतवाली हाथरस गेट ले जाया गया। एंटी करप्शन टीम मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
