56 कुमारियों की भव्य घटयात्रा के साथ वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव के पहले दिन उमड़ा आस्था का सैलाब

हाथरस। शहर के प्रसिद्ध श्री 1008 भगवान महावीर दिगम्बर जैन चौत्यालय मंदिर, हलवाई खाना में आयोजित तीन दिवसीय श्री शांति महावीर जिनबिम्ब द्वय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव बा0ब्र0 राकेश भैया जी के पावन सानिध्य में संपन्न हो रहा है।
प्रातःकाल मंदिर प्रांगण में मूलनायक भगवान का विधिवत अभिषेक एवं शांतिधारा की गई। नयागंज स्थित नेमीनाथ दिगम्बर जैन मन्दिर से बैण्ड बाजों के साथ 56 कुमारी द्वारा घटयात्रा निकाली गयी जिसका समापन भगवान महावीर दिगम्बर जैन चौत्यालय मंदिर, हलवाई खाना में हुआ। इसके पश्चात वेदी प्रतिष्ठा से पूर्व विशेष पूजन-अर्चन, मंडल विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ लिया। महोत्सव के बारे में बा0ब्र0 राकेश भैया जी ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि जिनप्रतिमा की प्रतिष्ठा केवल शिल्प की स्थापना नहीं, बल्कि आत्मा में धर्म, संयम और शांति की प्रतिष्ठा है। उन्होंने अहिंसा, सत्य और तप के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। दिनभर चले धार्मिक कार्यक्रमों में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों एवं स्तुति पाठ से वातावरण पूरी तरह धर्ममय बना रहा। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक आराधना एवं विशेष पूजन की समुचित व्यवस्था की गई। महोत्सव में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। आयोजन समिति ने बताया कि अंतिम दिन वेदी प्रतिष्ठा की मुख्य क्रियाएं एवं पूर्णाहुति कार्यक्रम संपन्न होंगे, पूरे संत भवन हलवाई खाना क्षेत्र में धार्मिक उल्लास एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण व्याप्त है, और श्रद्धालु आगामी मुख्य प्रतिष्ठा समारोह को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं।

