गोरखपुर में 1 जुलाई को होगा अखिल भारतीय मुशायरा, देशभर के शायर करेंगे शिरकत
गोरखपुर। इस्लामिया एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा संस्थापक प्रबंधक स्वर्गीय अलहाज शरीफ अहमद एडवोकेट की स्मृति में 1 जुलाई 2026 को अखिल भारतीय मुशायरे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7:30 बजे से अलहाज शरीफ अहमद ऑडिटोरियम, इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स, गोरखपुर में शुरू होगा।
‘याद-ए-शरीफ’ के तत्वावधान में आयोजित इस साहित्यिक संध्या में देश के प्रतिष्ठित शायर एवं शायराएं अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। कार्यक्रम में डॉ. कलीम कैसर, अबरार काशिफ, शादाब आज़मी, हिमांशी बाबरा, डॉ. नुसरत अतीक, शिव सागर शाहर, वसीम मजहर, सुल्तान जहाँ और शाकिर अली शाकिर सहित कई नामचीन कवि एवं शायर भाग लेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन इस्लामिया एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा किया जा रहा है, जबकि मुख्तार अहमद एजुकेशनल सोसाइटी इसका सहयोग कर रही है। सोसाइटी के सचिव शोएब अहमद ने साहित्य प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस यादगार मुशायरे का हिस्सा बनने की अपील की है।
