ग्रामीण पत्रकारिता के बिना अधूरा है लोकतंत्र का चौथा स्तंभ
-वरिष्ठ पत्रकार शिवओम शर्मा और इंद्रजीत प्रेमी को मिला पत्रकारिता सम्मान
-अलीगढ़ जनपद में संस्थापक स्व. बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि पर भव्य कार्यक्रम
अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के संस्थापक, ग्रामीण पत्रकारिता के अनन्य पुरोधा एवं प्रदेशभर के पत्रकारों के मार्गदर्शक स्वर्गीय बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि गरिमापूर्ण ढंग से ग्रामीण पत्रकारिता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर इगलास स्थित प्रकाश कान्वेंट स्कूल में श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में कलमकारों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा विद्या की देवी मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत, संगठन के संस्थापक स्व. बालेश्वर लाल के तैलचित्र पर सभी उपस्थित पत्रकारों ने बारी-बारी से पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पधारे सभी आगंतुक पत्रकारों का विद्यालय के प्रबंधक चौधरी श्यामबाबू सिंह ने अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय सम्मान किया।
मुख्य वक्ता मंडल अध्यक्ष राज नारायण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ ग्रामीण पत्रकारिता के बिना अधूरा है। स्व. बालेश्वर लाल ने उस दौर में ग्रामीण पत्रकारिता को एक नई दिशा दी, जब ग्रामीण अंचलों की खबरों को मुख्यधारा के मीडिया में स्थान मिलना बेहद कठिन था। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाने का कार्य किया। पत्रकारिता जगत में उनका यह अद्वितीय योगदान भावी पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत और स्मरणीय रहेगा।
जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पाराशर ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि बालेश्वर लाल ने केवल एक संगठन की स्थापना नहीं की थी, बल्कि उन्होंने पत्रकारों को एक परिवार के रूप में पिरोया था। संगठन हर साथी के सुख-दुख में सदैव कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। कार्यक्रम का संचालन कर रहे मंडल महामंत्री योगेश कौशिक ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता वास्तव में देश की असली पत्रकारिता है, क्योंकि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। आज के दिन हमें उनकी पत्रकारिता के मूल्यों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। जिला उपाध्यक्ष हृदेश चौधरी ने कहा कि आज के दौर में ग्रामीण पत्रकारों के सामने कई प्रकार की विसंगतियां और सुरक्षात्मक चुनौतियां हैं। हमें अपनी लेखनी की ताकत को पहचानना होगा और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना होगा। जिला उपाध्यक्ष सत्या पंडित ने कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे हमें किसी भी कीमत पर खोने नहीं देना है।
जिला संप्रेक्षक एमएस सैफी ने कहा कि बालेश्वर लाल ने ग्रामीण पत्रकारों को एक ऐसा मंच दिया जहां से वे बिना किसी भय के अपनी बात रख सकें। उनके विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। इगलास तहसील अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि इगलास तहसील की पूरी टीम संगठन के प्रति पूरी तरह समर्पित है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय, निष्पक्ष और उत्कृष्ट योगदान देने के लिए क्षेत्र के दो वरिष्ठ कलमकारों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पत्रकार शिवओम शर्मा एवं वरिष्ठ पत्रकार इंद्रजीत प्रेमी को अतिथियों द्वारा स्व. बालेश्वर लाल पत्रकारिता सम्मान 2026 से नवाजा गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्था में नरेंद्र शर्मा, नरेंद्र गुप्ता, विशाल उपाध्याय, सचिन प्रेमी, आदेश चौधरी का योगदान रहा। इस अवसर पर मंडल महामंत्री विवेक शर्मा, गौरव चौधरी, कुलदीप शर्मा, विष्णु शर्मा, मोहित शर्मा, पंकज शर्मा, पंकज बघेल, उमाशंकर शर्मा, सोनू शर्मा, योगेश शर्मा, योगेश उपाध्याय, संजय भारद्वाज, बृजेश पाठक, नरेंद्र गुप्ता, राजेश अग्रवाल, संजय खान, आकाश शर्मा, प्रवेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।
