पत्रकार उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा, समस्याओं को पीसीआई की बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे : अरुण कुमार त्रिपाठी
प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया सदस्य ने चित्रकूट में पत्रकारों से किया संवाद, सुरक्षा, पेंशन और सम्मान निधि समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
चित्रकूट ।
चित्रकूट के पुराने सर्किट हाउस के निरीक्षण भवन में शुक्रवार को प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य ने जिले के पत्रकारों के साथ संवाद किया । बैठक में पत्रकारों की समस्याओं, चुनौतियों और उनसे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया ।
बैठक के दौरान जिले के पत्रकारों ने अपनी समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए मेडिकल सुविधा, पत्रकार पेंशन, सुरक्षा व्यवस्था, पत्रकार सम्मान निधि सहित कई मांगें प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य के समक्ष रखीं । इसके अलावा पत्रकारों पर दर्ज हो रहे फर्जी मुकदमों और उत्पीड़न के मामलों को लेकर भी गंभीर चर्चा की गई ।
पत्रकारों की समस्याओं को सुनने के बाद अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकार बंधुओं द्वारा रखी गई समस्याओं और सुझावों को प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की बैठक में प्रमुखता से रखा जाएगा । उन्होंने कहा कि पत्रकार उत्पीड़न को लेकर पीसीआई गंभीर है और किसी भी कीमत पर पत्रकारों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया लगातार सजगता के साथ कार्य कर रही है । पत्रकार मान्यता से जुड़ी समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तर पर उठाया जाएगा, ताकि पत्रकारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े ।
बैठक में जिला सूचना अधिकारी चित्रकूट सहित पत्रकार सहित करीब आधा सैकड़ा पत्रकार मौजूद रहे।
