टीवी कलाकारों की मौजूदगी में होगा ‘कला सेतु’ का भव्य शुभारंभ, प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

हाथरस। जिले के सासनी निवासी एवं कला सेतु के डायरेक्टर बिजेंद्र गोस्वामी द्वारा युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुरू किए गए महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘कला सेतु’ को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टीवी अभिनेता करन मेहरा और बॉलीवुड अभिनेता अरुण बक्शी की उपस्थिति आकर्षण का केंद्र रही।
टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नैतिक की भूमिका निभाकर पहचान बनाने वाले अभिनेता करन मेहरा ने कहा कि देश के छोटे शहरों और कस्बों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही मंच, उचित मार्गदर्शन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। कला सेतु इसी सोच के साथ युवाओं को मनोरंजन और फिल्म जगत तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
प्रोजेक्ट के डायरेक्टर बिजेंद्र गोस्वामी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कला सेतु, केबीयू वेंचर्स की एक राष्ट्रीय पहल है, जिसे चरणबद्ध तरीके से देशभर में लॉन्च किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अभिनय, मॉडलिंग, संगीत, नृत्य और अन्य कला क्षेत्रों से जुड़े उभरते कलाकारों को उद्योग के विशेषज्ञों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में आगरा, दिल्ली, नोएडा, देहरादून, मुंबई और लखनऊ सहित कई प्रमुख शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं टैलेंट प्रमोशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही देशभर में नई टीमों का गठन कर अधिक से अधिक प्रतिभाशाली युवाओं को इस अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई है।
कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।
