हाई कोर्ट के आदेश के बाद खुला फोकस अल्ट्रासाउंड एंड इमेजिंग सेंटर, डॉ. विकास शर्मा ने जताया आभार
हाथरस। इलाहाबाद हाई कोर्ट के स्पष्ट आदेश के अनुपालन में हाथरस स्थित फोकस अल्ट्रासाउंड एंड इमेजिंग सेंटर को आज 21 जुलाई को दोपहर 12 बजे डी-सील कर दिया गया। सेंटर के दोबारा खुलने से संचालक, कर्मचारियों और मरीजों में राहत का माहौल है। मामला हाई कोर्ट पहुंचने के बाद, न्यायालय ने 13 जुलाई 2026 को सेंटर को डी-सील करने के संबंध में निर्देश दिए थे। आदेश की प्रमाणित प्रति प्रस्तुत किए जाने और निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज सेंटर की सील खोल दी गई। सेंटर के निदेशक डॉ. विकास कुमार शर्मा ने न्यायपालिका और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। उन्होंने कहा कि सेंटर बंद रहने से कर्मचारियों की आजीविका और मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा था। अब सेंटर के दोबारा खुलने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर पुनः अल्ट्रासाउंड एवं इमेजिंग सेवाएं मिल सकेंगी। डॉ. शर्मा ने भरोसा दिलाया कि सभी सेवाएं नियमों के पूर्ण अनुपालन के साथ संचालित की जाएंगी।
